मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 11, 2024 8:00 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में 109 किस्में जारी की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में अधिक पैदावार वाली, जलवायु अनुकूल और जैव सशक्त फसलों की 109 किस्में जारी की। इन किस्मों में 61 फसलें शामिल हैं जिनमें 34 खेती की तथा 27 बागवानी की फसलें हैं। खेती की फसलों में बाजरा, तिलहन, दलहन, गन्ना, कपास और अन्य फसलों के बीज शामिल हैं। बागवानी फसलों में फल, सब्जी, कंदमूल, मसाले, फूल और औषधि पौधों के बीज हैं।

 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत भी की। नई फसल किस्मों पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इनसे कृषि में मूल्यवर्धन होगा। किसानों ने कहा कि नई किस्मों से उनके खर्चों में कमी आएगी और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

 

श्री मोदी ने मोटे अनाज का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोग पोषक खानपान की ओर आकर्षित हो रहे है। उन्होंने प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में बात करते हुए कहा कि आम जनता का जैविक कृषि पर भरोसा बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग जैविक खाद्य पदार्थों का उपभोग कर रहे है और इनकी मांग बढ़ रही है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्रों को नई किस्मों के बारे में किसानों को जानकारी देने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। श्री मोदी ने नई फसल किस्म विकसित करने के लिए वैज्ञानिकों की सराहना की। वैज्ञानिकों ने बताया कि वे प्रधानमंत्री के सुझावों के अनुरूप काम कर रहे है।  

 

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि आज किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन है जब 65 फसलों की 109 किस्में जारी की गई हैं।

 

हमारे वैज्ञानिकों ने अद्भुत काम किया और फसलों की 109 प्रजातियों के बीज तैयार किए। बागवानी की आम की ऐसी किस्में तैयार की जो जल्दी खराब नहीं होगी, दिखने में भी सुंदर हो, स्वादिष्ट भी हो, जिसको हम एक्सपोर्ट भी कर सकें, एक्सपोर्ट हम कर भी रहे हैं। एक सौ नौ नई किस्में किसान की जिंदगी भी बदलेगी, उनके लाभ को भी बढायेगी और जनता के लिए पोषण की दृष्टि से बहुत उपयोगी होगी। हमारे एक्सपोर्ट को भी बढायेगी।

 

श्री चौहान ने कहा कि इन फसलों के बीज जलवायु अनुकूल है और खराब मौसम में भी अधिक पैदावार दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि ये किस्में पोषक तत्वों से भरपूर है।