प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। श्री मोदी राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करेंगे और पौधारोपण करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विश्वविद्यालय परिसर पर्यावरण अनुकूल तकनीक के आधार पर तैयार किया गया है। नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर के उद्घाटन समारोह में सत्रह देशों के मिशन प्रमुखों सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। परिसर में चालीस कक्षाओं वाले दो शैक्षणिक ब्लॉक हैं, जिसमें उन्नीस सौ लोगों के बैठने की क्षमता है। इसमें तीन सौ सीटों की क्षमता वाले दो सभागार भी हैं।
विश्वविद्यालय का परिसर एक नेट जीरो ग्रीन कैम्पस है। यहां सौर ऊर्जा संयंत्र, जल शोधन संयंत्र और अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग के लिए पुनर्चक्रण संयंत्र समेत कई अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध है। इस विश्वविद्यालय की परिकल्पना भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के देशों के बीच एक संयुक्त सहयोग के रूप में की गई है। इधर, प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुये तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री मोदी विश्ववि़द्यालय परिसर के उद्घाटन से पूर्व प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों का अवलोकन करेंगे।
पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद देश के किसी प्रधानमंत्री का यह नालंदा का दूसरा दौरा होगा।