प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 के दौरान हिमाचल प्रदेश में कुल 86 हज़ार 93 मरीजों का इलाज किया गया। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री, प्रताप राव जाधव ने राज्यसभा सांसद, इंदु बाला गोस्वामी के एक प्रश्न के उत्तर में संसद में बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में सर्वाधिक और लाहौल स्पीति ज़िले में सबसे कम मरीजों का इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान योजना के अंतर्गत बिलासपुर से 5,430, चंबा से 3,744, हमीरपुर से 6,978, कांगड़ा से 14,573, किन्नौर से 778, कुल्लू से 7,737, लाहौल स्पीति से 504, मंडी से 19,233, शिमला से 6,849, सिरमौर से 7,167, सोलन से 6,931 और ऊना से 6,169 मरीजों का उपचार किया गया है। श्री जाधव ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत इस वर्ष 28 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश में 45,768 आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं।