प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस के साठ वर्ष के शासनकाल की तुलना में पिछले दस वर्ष में सामाजिक न्याय के लिए बहुत अधिक काम हुआ है। श्री मोदी आज सोलापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को उनके अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन अनुसूचित जाति और पिछडा वर्ग समुदायों के आरक्षण को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर इन समुदायों का आरक्षण अल्पसंख्यकों को देने की योजना बनाने का आरोप लगाया। विपक्ष के संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने के आरोप पर श्री मोदी ने कहा कि अगर डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर आज यहां होते तो यह उनके लिए भी यह संभव नहीं होता, इसलिए मोदी द्वारा संविधान बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का हमारा तरीका समुदाय से जुड़ना है। श्री मोदी ने कहा कि अब कोई भी मराठी माध्यम से पढ़ाई करके डॉक्टर, इंजीनियर बन सकता है। श्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मराठी में की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी को इस अवसर पर सोलापुरी चादर भेंट की गई।