मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 17, 2024 7:52 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ देना चाहती है

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने अल्पसंख्यक आरक्षण के मुद्दे पर आज कांग्रेस पर फिर घेरा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आम्‍बेडकर ने धर्म के आधार पर आरक्षण का खुलकर विरोध किया था और कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ देना चाहती है। यह बाबा साहब की इच्छा के विपरीत है। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में श्री मोदी ने रैली को संबोधित किया।

इससे पहले श्री मोदी ने बाराबंकी में एक रैली में कहा कि समाजवादी पार्टी अब बंगाल में शरण ले चुकी है और उनका राजनीतिक गठबंधन सिर्फ वोट बैंक और तुष्टीकरण के लिए है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सत्ता में आई तो अयोध्या में राम मंदिर पर बुलडोजर चलाएगी। फ़तेहपुर जिले में उन्‍होंने कहा कि पहले के शासनकाल के दौरान उत्‍तर प्रदेश अपराध और भ्रष्टाचार के लिए बदनाम था लेकिन अब राज्य विकास में अग्रणी है।

इस बीच, एक बड़े घटनाक्रम में, रायबरेली के ऊंचाहार निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडे आज केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। बाद में श्री शाह ने ऊंचाहार में एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि यदि आई.एन.डी.आई.ए गठबंधन सत्ता में आया तो राम मंदिर पर दोबारा ताला लगा देंगे।

रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने बलिया जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए तैयार है। राज्‍य के मुख्‍यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता योगी आदित्‍यनाथ ने बाराबंकी अयोध्‍या और बलरामपुर में रैलियों को संबोधित किया।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी के साथ आज रायबरेली में रैली को संबोधित किया। यहां से पार्टी ने राहुल गांधी को प्रत्‍याशी बनाया है। सोनिया गांधी ने कहा कि गांधी परिवार का रायबरेली के लोगों से दशकों पुराना रिश्ता है। रैली में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद थे और उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव हारने जा रही है और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज संयुक्त रूप से स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा के पक्ष में प्रचार किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आते ही आई एन डी आई ए गठबंधन किसानों के कल्याण के लिए एमएसपी पर कानून बनाएगा।

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने आज प्रतापगढ़ जिले में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस  दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।