प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने देश में इक बार फिर एनडीए की सरकार बनने का भरोसा जताते हुए कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन में और बड़े फैसले लिये जायेंगे। आज पुष्कर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस साल में जो कार्रवाई हुई, वह ट्रेलर है। अभी बहुत कुछ बाकी है। कांग्रेस की ओर से कल जारी किये गये घोषणा पत्र को ‘झूठ का पुलिंदा’ बबाते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह कांग्रेस को बेनकाब करने वाला घोषणा पत्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है।
श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए रैली नहीं कर रही है, भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए कर रही है। लेकिन भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। श्री मोदी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है। यह तभी होगा, जब देश की आधी आबादी की भागीदारी का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के सुख, सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि ‘मोदी की गारंटी’ हैं। महिलाओं के हक के लिए उनकी सरकार की ओर से किये गये फैसलों को गिनाते हुए श्री मोदी ने कहा कि जो कभी साइकिल नहीं चला सकती थीं, वह आज गांव में ड्रोन उड़ा रही है।
श्री मोदी ने कहा कि 2014 में देश में पूर्ण बहुमत की सरकार आने के बाद बड़े बदलाव की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि भारत समंदर पर बड़े-बड़े पुल बना रहा है। पहाड़ों पर सुरंग बनाकर सीमा की सुरक्षा की बढ़ा रहा है। श्री मोदी ने राजस्थान में कांग्रेस के शासन काल में पेपर लीक, माफियाओं, लूट की हिस्सेदारी की खबरें आया करती थीं। राजस्थान की चर्चा केवल नकारात्मक कारणों से होने लगी थी। लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद पेपर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 100 दिन के भीतर बरसों से लटकी ईआरसीपी पर सहमति बन गई है। ईआरसीपी से राजस्थान के बड़े इलाके में पानी का संकट खत्म होने जा रहा है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी संबोधित किया।