प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज वोट बैंक की राजनीति के लिए राज्य में लोगों की पहचान और संस्कृति को खतरे में डालने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा की आलोचना की। हज़ारीबाग में परिवर्तन महासभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को सत्ता से हटाने के बाद ही राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने भाजपा की परिवर्तन यात्रा को महज एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य की सुरक्षा के लिए एक आंदोलन बताया और उन्होंने झारखंड की बेटियों, भूमि और आजीविका की सुरक्षा का वायदा किया। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा गारंटी देती है कि अगर यहां सरकार बनी तो इन तीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। श्री मोदी ने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के लिए कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने लोगों को धोखा दिया है जिन्होंने राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए उन्हें वोट दिया था। श्री मोदी ने कहा कि पड़ोसी बांग्लादेश से घुसपैठ के कारण संथाल परगना की जनसांख्यिकी भी बदल गयी है।