प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया है कि आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन के दल अपने परिवारों को प्राथमिकता देते हैं, देश को नहीं। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन पहले पांच चरणों में चुनाव हार चुका है और उसने डेटा और ईवीएम पर सवाल उठाने सहित विभिन्न आधारहीन आरोपों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना की और उस पर पूर्व सैनिकों को दशकों तक वन रैंक वन पेंशन से वंचित रखने और धोखा देने का आरोप लगाया। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने इस योजना को लागू करने के लिए सवा लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल महेन्द्रगढ में एक रैली को संबोधित किया था और भाजपा पर अग्निवीर योजना की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि आई.एन.डी.आई.ए. के सत्ता में आने पर इस योजना को रद्द कर दिया जाएगा।
भाजपा ने इस सीट से मौजूदा सांसद धर्मवीर चौधरी को फिर से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने अपने विधायक राव दान सिंह को टिकट दिया है। इस सीट पर जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार राव बहादुर सिंह मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों पर आज शाम प्रचार समाप्त हो जाएगा और मतदान शनिवार को होगा।