प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और राष्ट्र का स्वाभिमान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का एजेन्डा है।
उन्होंने महाराष्ट्र में अहमदनगर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए आईएनडीआई गठबंधन और कांग्रेस की कड़ी निन्दा की। प्रधानमंत्री ने पिछले दस वर्ष के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया। श्री मोदी ने आईएनडीआई गठबंधन के नेता लालू प्रसाद यादव के एक बयान पर भी कड़ा संज्ञान लिया। श्री मोदी ने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेता संविधान बदलने की कोशिश में हैं।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेन्द्र फडणवीस, राजस्व मंत्री राधा कृष्ण विखे पाटिल, पूर्व मंत्री राम शिन्दे तथा महायुक्ति के अहमदनगर तथा शिरडी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी भी जनसभा में मौजूद थे।