प्रदेश में हरित क्षेत्र का दायरा बढ़ाने के लिए “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ अभियान“ के अंतर्गत इस साल 36 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। इस अभियान में सरकार, प्रदेश के एक्सप्रेसवेज को भी हरा-भरा बनाएगी। प्रदेश के चार एक्सप्रेस-वे पर दो लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में भी एक लाख पौधे रोपे जाएंगे।
निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे 500 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण एवं उनके 10 वर्षीय देख-रेख के लिए यूपीडा की ओर से उत्तर प्रदेश वन विभाग को 36 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 15 हजार, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 1 लाख 6 हजार, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर 25 हजार, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर 91 हजार 600 पौधे रोपे जाएंगे।