छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड के भांठागांव से धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से खरीदी केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सत्ताईस लाख से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। सरकार द्वारा धान का भुगतान बहत्तर घंटे के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो हजार सात सौ से अधिक उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी के लिए सभी उपार्जन केन्द्रों में बायोमैट्रिक डिवाईस की व्यवस्था की गई है।
धान खरीदी के पहले दिन खाद्य विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा रायपुर जिले के तहत अभनपुर के केन्द्री और पिपरौद गांव के धान खरीदी केन्द्र पहुंची। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से धान खरीदने की प्रक्रिया और बायोमेट्रिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बारदानों की उपलब्धता की जानकारी भी ली।