प्रदेश में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं और अलग अलग गतिविधियों के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। झाबुआ में कलेक्टर नेहा मीना ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 5 अप्रैल महिलाओं की वाहन रैली निकालने के लिए विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं की महिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। रायसेन जिले में भोजपुर विधानसभा के बाड़ी विकासखण्ड के ग्राम गोल में स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा घर-घर जाकर महिलाओं को मतदान करने का संकल्प दिलाया गया। औबेदुल्लागंज में भी नगर परिषद द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। मंदसौर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने पीजी कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उज्जैन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकासखंड तराना के ग्राम चूनाखेड़ी में वाहन रैली का आयोजन किया। रैली में ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सतना जिले में सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में मेंहदी और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीँ, व्यय निगरानी दलों द्वारा नाकों पर अवैध रुप से परिवहन की जा रही सामग्री के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। निवाड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बालाघाट जिले में किरनापुर जनपद के जरही पंचायत और लांजी की आगनवाड़ी केंद्र की महिलाओं ने दीपक और मोमबत्तियां जलाकर रौशनी करते हुए मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया। यहाँ के किरनापुर महाविद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। दमोह में दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दिव्यांग जागरूकता रैली निकाली गयी। नर्मदापुरम जिले की तहसील इटारसी के ग्राम सोनासावरी में महिलाओं ने खो-खो खेल के माध्यम से मतदाताओं को जिले में दूसरे चरण में होने वाले चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया।
Site Admin | अप्रैल 3, 2024 4:11 अपराह्न
प्रदेश में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं