लोकसभा चुनाव के छठे चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। इस चरण में उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों के 58 निर्वाचन क्षेत्रों में 25 मई को मतदान होगा। इस चरण में प्रदेश की जिन सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे उनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही और मछलीशहर शामिल हैं। इन सभी सीटों पर प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों के राजनैतिक भविष्य का फैसला होगा, उनमें सुल्तानपुर संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी, इलाहाबाद निर्वाचन क्षेत्र से इंडी गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी और प्रदेश के पूर्व मंत्री उज्ज्वल रमण सिंह आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव और मौजूदा भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ शामिल हैं।
वहीं जौनपुर सीट से भाजपा ने इस बार महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह पर दाव लगाया है। श्री सिंह जौनपुर के मूल निवासी है। वहीं सपा ने राज्य के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा को चुनावी समर में उतारा है। बसपा ने एक बार फिर श्यामदेव सिंह यादव पर अपना भरोसा जताया है। पिछले चुनाव में इन 14 सीटों में से दस सीटें भारतीय जनता पार्टी ने हासिल की थीए जबकि सपा-बसपा गठबंधन ने चार सीटों पर विजय दर्ज की थी।