छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर संसदीय क्षेत्रों में कल शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे। इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों में तीन महिला सहित 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें प्रमुख रूप से राजनांदगांव लोकसभा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को और भाजपा ने संतोष पांडेय को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू और भाजपा से रूपकुमारी चौधरी चुनाव लड़ रही है। इसी तरह, कांकेर संसदीय क्षेत्र से भाजपा से भोजराज नाग और कांग्रेस से बीरेश ठाकुर चुनाव मैदान में हैं।
दूसरे चरण के तहत राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 5284938 है। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 2605350 और महिला मतदाताओं की संख्या 2679528 है। वहीं, तृतीय लिंग के 60 मतदाता हैं। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 51306 है। दूसरे चरण के मतदान के लिए 6 हजार 567 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें दो सहायक मतदान केन्द्र भी शामिल हैं। वहीं, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 458 है। इसके अलावा 55 मतदान केन्द्रों को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। गौरतलब है कि इन संसदीय क्षेत्रों में 26 अप्रैल को मतदान होगा।
Site Admin | अप्रैल 23, 2024 7:51 अपराह्न
प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत कल चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
