प्रदेश में मानसून पूर्व की बारिश हो रही है। प्रदेश के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। भोपाल के कई इलाकों में दोपहर में तेज बारिश हुई। अशोकनगर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 15 मिनट तक बारिश का दौर चला। गुना में भी तेज बारिश हुई। टीकमगढ़ में आंधी चली। विदिशा में करीब एक घंटे तक चली बारिश से सड़कों ने नाले का रूप ले लिया। निचली बस्तियों में पानी भर गया।
प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते जबलपुर समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट है। यहां बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। इसकी वजह से कई जगहों पर आंधी-बारिश होने का अनुमान है। अनूपपुर जिले में बीते 24 घंटे में 8.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।