प्रदेश में भीषण ठंड और शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने आज से लेकर अगले तीन दिनों के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जनपदों के लिए शीत दिवस का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना है।
साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे का भी ऑरेंज अलर्ट है। कोहरे के चलते प्रदेश में रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित है। वहीं कई जिलों में भीषण ठंड के चलते कक्षा 8 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कुशीनगर में आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के लिए 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। बदायूं जिले में कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय विद्यालय 14 जनवरी तक बंद रहेंगे, जबकि अमरोहा में कक्षा आठ तक के बच्चों का अनिश्चितकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है और ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जायेंगी।