प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते मिर्जापुर में कल चुनाव ड्यूटी के लिए निकले 7 होमगार्ड समेत 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सात होमगार्ड के जवानों के अलावा एक होमगार्ड चपरासी, तीन स्वीपर, एक स्वास्थ्य कर्मी और एक चकबंदी विभाग का कर्मचारी शामिल हैं। चुनाव ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वालों के परिजनों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी।
ये सभी अंतिम चरण के मतदान के लिए विभिन्न जनपदों से ड्यूटी के लिए मिर्जापुर पहुंचे थे। इनके अलावा 23 होमगार्ड को तबीयत बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर मंडलीय चिकित्सालय पहुंची जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भर्ती मरीजों का हाल जाना। जिला प्रशासन के मुताबिक, मरने वालों में दो गोंडा, दो प्रयागराज, एक बस्ती और एक मिर्जापुर के रहने वाले जवान हैं।
मां विंध्यवासिनी स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरबी कमल ने बताया कि हीटवेव से ग्रसित कुल 23 लोगों का इलाज चल रहा है। तापमान 46 डिग्री होने के नाते मरीजों का ब्लड प्रेशर और शुगर प्रभावित हो रहा है।