प्रदेश में भाजपा अगले महीने सदस्यता महाअभियान शुरू करेगी। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचेंगे। भाजपा ने सांसदों को न्यूनतम बीस हजार, विधायकों को न्यूनतम दस हजार नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया है। अभियान के तहत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके पहले 22 से 24 अगस्त तक सदस्यता अभियान को लेकर जिला कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 25 से 27 अगस्त तक मंडल स्तर पर सदस्यता अभियान की कार्यशालाएं होंगी।
31 अगस्त को सभी बूथों पर कार्यशाला होगी। सदस्यता अभियान को लेकर क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर टीम भी बनाई जाएगी। दो और तीन सितंबर को प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सदस्यता लॉन्चिंग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 4 से 5 सितंबर को जिला स्तर पर सदस्यता लॉन्चिंग कार्यक्रम होंगे। 11 से 17 सितंबर तक सदस्यता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।