प्रदेश में बीते 24 घंटों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कल देर रात हुए एक हादसे में अज्ञात वाहन और प्राइवेट बस की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 3 यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, औरैया के बाबरपुर स्थित हाईवे पर एक कंटेनर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सुल्तानपुर में लखनऊ बलिया हाईवे पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दम्पति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हरदोई में एक प्राइवेट बस ने बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सड़क किनारे बैठे सात लोगों को रौंद दिया। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।