प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय के पहले कुलपति और कुलसचिव की नियुक्ति कर दी है। इसके साथ ही खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय स्थापना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में शासन से विश्वविद्यालय के तीन पदों- कुलपति, कुलसचिव और वित्त नियंत्रक पर नियुक्ति कर दी गई है। फिलहाल विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा कुलपति, जबकि खेल निदेशक आशीष चौहान कुल सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इनके अलावा खेल निदेशालय के वित्त अधिकारी वी.एन पांडे को विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक का कार्यभार सौंपा गया है। यह अस्थाई नियुक्तियां स्थाई पदाधिकारियों के नियुक्त होने तक या अधिकतम एक साल तक के लिए की गई है। खेल मंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए तमाम प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यह पदेन नियुक्तियां की गई है। उन्होंने कहा कि तीनों पदाधिकारी शुरुआत में विश्वविद्यालय की गतिविधियों को संचालित करेंगे।