अप्रैल 2, 2024 8:04 अपराह्न

printer

प्रदेश में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार और दूसरे चरण के लिए नामांकन तेज

प्रदेश में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार और दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का काम तेज हो गया है। वहीँ, मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ भी परवान पर हैं। रीवा में निवर्तमान सांसद जनार्दन मिश्र ने आज उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कर नामांकन पत्र दाखिल किया। बैतूल में निर्वाचन प्रशिक्षण से गैर हाजिर 92 कर्मचारियों में से 4 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और शेष 88 कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। वहीँ, बसपा प्रत्याशी अशोक भलावी ने अपना नामांकन दाखिल किया। सीहोर जिले की नगर परिषद बुधनी में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सागर जिले में पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण सभी विधानसभा स्तर पर बनाए गए प्रशिक्षण स्थलों पर आज से शुरू हो गया है। खंडवा जिले के ग्राम रोशनी में स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने मतदान करने एवं मतदान के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इसके अलावा उत्कृष्ट स्कूल खालवा में युवा मतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई। इसी तरह महिला बाल विकास परियोजना छैगांवमाखन एवं पंधाना में भी ग्रामीणजनों को मतदान करने एवं अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने हेतु शपथ दिलाई गई। खजुराहो लोकसभा चुनाव के लिए आज दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पहला नामांकन बहुजन समाज पार्टी के अभ्यर्थी कमलेश पटेल ने और दूसरा निर्दलीय अभ्यर्थी लक्ष्मी प्रसाद ने दाखिल किया। सतना लोकसभा क्षेत्र 9 के निर्वाचन के लिए नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन 4 अभ्यर्थियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर अनुराग वर्मा के समक्ष प्रस्तुत किए। जबलपुर में माउंटेन मैन अंकित सेन को लोकसभा चुनाव के लिए आइकॉन बनाया गया है. वे शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए आम लोगों को प्रेरित करेंगे। और देवास में नेहरू युवा केंद्र द्वारा वॉलीबाल मैच का आयोजन किया गया एवं शतप्रतिशत मतदान के लिए सभी खि‍लाडियों को शपथ दिलाई गई।