स्वास्थ्य विभाग डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में महाअभियान चलाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने दिशानिर्देश जारी कर दिये हैं। डेंगू और चिकनगुनिया के हॉटस्पॉट बन रहे इलाकों से अभियान की शुरुआत होगी। दैनिक रूप से सभी क्षेत्रों में एडिज लार्वा का सर्वे किया जाएगा, जिससे डेंगू रोग के सम्भावित क्षेत्रों का समय से चिह्नीकरण कर आवश्यक कार्यवाही की जा सके। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि पिछले सालों से डेंगू व चिकनगुनिया, राज्य में एक प्रमुख जन स्वास्थ्य समस्या के रूप में सामने आ रहा है। दोनों रोग एक ही प्रजाति के मच्छर- एडिज के काटने से फैलते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि सभी राजकीय व निजी चिकित्सालयों में डेंगू व चिकनगुनिया रोगियों की स्थिति पर निगरानी रखी जाए। रोगी की सूचना प्राप्त होने पर उसके निवास क्षेत्र में त्वरित रूप से निरोधात्मक कार्यवाही की जाए। चिकित्साधिकारी, आशा कार्यकर्ता और अन्य विभागों की टीम घर-घर जाकर लोगों को डेंगू व चिकनगुनिया के संबंध में जागरूक करेंगी। महाअभियान के दौरान प्रत्येक आशा कार्यकर्ता, आशा फैसिलिटेटर, कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर, नगर निगम, नगर पालिका, स्वच्छता पर्यवेक्षक व डेंगू वॉलिंटियर द्वारा अपने निर्धारित क्षेत्रों में हर दिन कम से कम 50 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्यवाही की जाएगी।
Site Admin | मई 3, 2024 4:29 अपराह्न
प्रदेश में डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए चलाया जाएगा जागरूकता महाअभियान
