भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अलीगढ़ में रैली को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की नजर देश के लोगों की संपत्ति पर है और वे इसे जब्त कर दूसरे लोगों में बांटना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगियों की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनकी मानसिकता कम्युनिस्ट है और वे अपने घोषणापत्र के अनुसार लोगों की संपत्ति का सर्वेक्षण करने जा रहे हैं और वे पैतृक संपत्ति को भी नहीं छोड़ेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अलीगढ़ और फ़तेहपुर सीकरी में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। फतेहपुर सीकरी में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत को सम्मान मिल रहा है। अयोध्या में 500 वर्ष बाद रामलला विराजमान हुए हैं और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिला है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विरासत का सम्मान हो रहा है तो दूसरी ओर विकास को प्राथमिकता देने का काम किया जा रहा है। वहीं मेरठ में आज भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल के समर्थन में रामायण धारावाहिक की सीता दीपिका और लक्ष्मण सुनील लहरी ने रोड शो किया।
इसके साथ ही विपक्षी नेता भी अपने अपने प्रचार में जुटे हैं, बसपा प्रमुख मायावती ने आज बुलंदशहर जिले में एक राजनीतिक रैली में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो सिर्फ दिखावा करती है, जुमलेबाजी में विश्वास करती है और वास्तविक जमीन पर कोई काम नहीं होता है। वहीं उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें की और मथुरा और फतेहपुर सीकरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर अभियान चलाया।