प्रदेश में कल कुछ स्थानों पर बारिश हुई तो कई जिलों में लू का प्रभाव रहा। नौतपा के दूसरे दिन कल प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। इंदौर में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ अनेक स्थानों पर तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। भोपाल में भी बादल छाये रहे। नीमच, खंडवा, मंदसौर में भी कल तेज हवा और बारिशसे तापमान में गिरावट आई। इस बीच मौसम विभाग ने राजगढ़ जिले में लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में लू का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। जिनमें अलीराजपुर, शजापुर, शिवपुरी, आगरमालवा, उज्जैन शामिल हैं। मौसम विभाग ने धार, रतलाम जिलों में आंधी, बिजली गिरने की आशंका के साथ बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बड़वानी, इंदौर, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा जिलों में अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस बीच कल सागर और गुना में 46.2, दतिया में 46,खरगौन में 45.5, मंडला में 43.2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में 35.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
Site Admin | मई 27, 2024 2:45 अपराह्न
प्रदेश में कल कुछ स्थानों पर बारिश हुई
