जनवरी 26, 2025 7:34 अपराह्न

printer

प्रदेश के विभिन्न जिलों में गणतंत्र दिवस उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया

प्रदेश के विभिन्न जिलों में 76वां गणतंत्र दिवस उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। कृषि मंत्री और ऊधमसिंह नगर जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने पुलिस लाइन रुद्रपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर श्री जोशी ने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कल उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने जा रहा है। उन्होंने कहा यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य उत्तराखंड होगा।
 
अल्मोड़ा जिले में सुबह मां नंदा देवी मंदिर परिसर से गांधी पार्क चौघान पाटा तक प्रभात फेरी निकाली गई। पुलिस लाईन अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
 
टिहरी जिले में मुख्य कार्यक्रम राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी मैदान में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
 
बागेश्वर में कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कार्मिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत सहित राज्य के अन्य जिलों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।