प्रदेशभर में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की धूम रही। इस अवसर पर राज्य में महिलाओं के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यख ऋतु खंडूरी भूषण ने देहरादून स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही महिलाओं की असली ताकत है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में महिला किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025“ से सम्मानित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के रजत जयंती वर्ष में नवंबर 2025 तक डेढ़ लाख “लखपति दीदी“ बनाने का संकल्प लिया है।
देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में महिला दिवस पर संगोष्ठी और महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें देहरादून कैंट विधानसभा से विधायक सविता कपूर, और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक मधु चौहान ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।