दिसम्बर 25, 2025 8:17 अपराह्न

printer

पोप लियो ने अपने पहले क्रिसमस उपदेश में गाजा में फलस्तीनियों की स्थिति पर चिंता व्‍यक्‍त की

 पोप लियो ने आज अपने पहले क्रिसमस उपदेश में युद्ध को समाप्‍त करने के लिए सीधी वार्ता आयोजित करने का आग्रह यूक्रेन और रूस से किया। सेंट पीटर्स स्क्वायर पर अमरीका के पहले पोप ने आशा व्‍यक्‍त की कि अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय के समर्थन से सभी पक्ष युद्ध को रोकने के लिए ईमानदार, प्रत्‍यक्ष और सम्‍मानजनक संवाद करने का साहस जुटाएंगे। उन्‍होंने ऐसे समय में आग्रह किया है जब जारी संघर्ष को समाप्‍त करने के लिए एक समझौते पर अमरीकी नेतृत्व में बातचीत जारी है।

इससे पहले अपने उपदेश के दौरान पोप लियो ने गाजा में फलस्तीनियों की स्थिति पर चिंता व्‍यक्‍त की। पोप लियो पहले अमरीकी पोप है, जिन्‍हें इस वर्ष मई महीने में पोप निर्वाचित किया गया था। उन्‍होंने कहा कि प्रभु यीशु का जन्‍म एक अस्तबल में हुआ था। प्रभु ने लोगों के बीच रहने के लिए एक खराब और अस्थायी जगह में जन्‍म लेने का मार्ग चुना। उन्‍होंने कहा कि गाजा में शिविरों को लेकर हमे सोचना चाहिए, जहां लोग खराब मौसम में कष्‍ट झेल रहे हैं।

इस्राइल और हमास दो वर्षों की तीव्र बमबारी और सैन्‍य अभियानों के बाद अक्‍तूबर महीने में संघर्ष विराम पर सहमत हुए। वहीं मानवीय एजेंसियों का कहना है कि गाजा में अभी भी बहुत कम सहायता सामग्री मिल रही है। गाजा में लगभग पूरी आबादी के पास घर नहीं है।