नवम्बर 18, 2025 10:09 अपराह्न

printer

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज टोक्यो में ओसाका गैस के प्रतिनिधि निदेशक और कार्यकारी उपाध्यक्ष केजी ताकेमोरी से मुलाकात की

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज टोक्यो में ओसाका गैस के प्रतिनिधि निदेशक और कार्यकारी उपाध्यक्ष केजी ताकेमोरी से मुलाकात की। श्री पुरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में  कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने ओसाका गैस और भारतीय ऊर्जा कंपनियों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि ओसाका गैस की भारत के शहरी गैस वितरण क्षेत्र में पहले से ही महत्वपूर्ण उपस्थिति है। यह 19 भौगोलिक क्षेत्रों में कार्यरत है, जो कुल मिलाकर जापान के लगभग 90 प्रतिशत क्षेत्रफल के बराबर क्षेत्र को कवर करते हैं। अपने नेट-ज़ीरो लक्ष्यों की दिशा में भारत की निरंतर प्रगति का उल्लेख करते हुए, श्री पुरी ने कहा कि देश का लक्ष्य प्राकृतिक गैस को एक सेतु ईंधन के रूप में उपयोग करना है जिससे संपूर्ण प्राकृतिक गैस मूल्य श्रृंखला में निवेश को बढ़ावा मिले। उन्होंने यह भी बताया कि भारत वैश्विक निवेशकों के लिए एक मजबूत और आकर्षक नीतिगत ढाँचा प्रदान करता है।