पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों द्वारा तैयार किए गए 14 प्रमुख उत्पादों का शुभारंभ किया। इनमें वर्षा निगरानी और फसल-मौसम कैलेंडर, उन्नत मौसम पूर्वानुमान प्रणालियाँ, उच्च-रिज़ॉल्यूशन वर्षा डेटासैट, अद्यतन तरंग एटलस और समुद्र तल चार्ट, वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान प्रणालियाँ, समुद्री जैव विविधता रिपोर्ट और चार भारतीय शहरों के भूकंपीय सूक्ष्म-क्षेत्रीकरण अध्ययन जैसे उत्पाद और पहल शामिल हैं।
नई दिल्ली में मंत्रालय के 19वें स्थापना दिवस पर डॉ. सिंह ने विज्ञान-संचालित नागरिक सेवाओं के लिए जन सहभागिता और व्यापक जागरूकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और नवाचार आने वाले दशकों में भारत के आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पिछले एक दशक में हुए बदलावों के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि आज देश का सामान्य उपयोगकर्ता अपने मोबाइल फोन पर मौसम से संबंधित ताजा जानकारी, चक्रवात चेतावनी, वायु गुणवत्ता अपडेट और समुद्री पूर्वानुमान प्राप्त कर सकता है।
श्री सिंह ने मंत्रालय द्वारा कृषि और मत्स्य पालन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सहयोग प्रदान करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात लाख से अधिक किसान अब सलाह के लिए मेघदूत ऐप पर पंजीकृत हैं, जबकि तटीय क्षेत्र के मछुआरे सुरक्षित रूप से मछली पकड़ने के लिए दैनिक एसएमएस अपडेट का उपयोग कर रहे हैं।