पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कल नई दिल्ली में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। वे घर में कल शाम बेहोश हो गए थे। उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आपातकालीन वार्ड में रात करीब आठ बजे भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
एम्स बुलेटिन के अनुसार उन्हें रात 9 बजकर 51 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया। उनकी कई महीनों से तबीयत खराब चल रही थी। उनके परिवार में पत्नी गुरुशरण कौर और तीन बेटियां हैं।
प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव के मंत्रिमंडल में डॉ. सिंह वित्त मंत्री थे। उन्हें 1991 में शुरू हुए आर्थिक उदारीकरण के दौर का प्रणेता माना जाता है। वे कांग्रेस नेतृत्व वाली यू.पी.ए. सरकार में 2004 से 2014 तक दो बार प्रधानमंत्री रहे। वे भारत के तेरहवें प्रधानमंत्री थे। वे राज्यसभा के 33 साल तक सदस्य रहने के बाद इस साल अप्रैल में संसद के उच्च सदन से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब राज्य में हुआ था।