पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सरलता, ईमानदारी और उत्कृष्ट आर्थिक नीतियों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में डॉ. सिंह के निधन को भारत की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डॉ. सिंह के निधन पर गहरी संवेदना जताई है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने दशकों तक हमारी अर्थव्यवस्था, देश की अभूतपूर्व प्रगति और विकास की ऐतिहासिक अध्यक्षता की। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार मनमोहन सिंह का जाना उनकी व्यक्तिगत क्षति है।
उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि हमने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया है।