पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में ग्वालियर में अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट हुआ। इस सम्मेलन के दौरान दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव का उद्घाटन किया गया और आधारशिला रखी गई। राज्य सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोज़गार और आय के नए अवसर सृजित होने की आशा है। इस अवसर पर श्री शाह ने देश के लिए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण किया।
इस सम्मेलन में उद्योग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप्स, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचों जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने पर ध्यान केन्द्रित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक ईकाइयों को प्रोत्साहन राशि के रूप में सात सौ 25 करोड़ रुपये अंतरित किए गए और प्रशासनिक ढांचे को सशक्त बनाने के लिए ई-जीरो प्राथमिकी प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एक व्यापार मेले का उद्घाटन और नवीनीकृत किए गये अटल संग्राहलय जनता को समर्पित किया गया और उद्यमियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के समग्र आर्थिक विकास को तेज़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई इन पहलों के लिए श्री शाह को धन्यवाद दिया।