सुश्री साने ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। सुश्री ताकाइची को उच्च सदन में 125 वोट मिले, जो जीत के लिए आवश्यक साधारण बहुमत से सिर्फ़ एक वोट अधिक है। निचले सदन में उन्हें 237 वोट मिले, जो आवश्यक बहुमत 233 से ज़्यादा है।
पूर्व टेलीविज़न एंकर, सुश्री ताकाइची ने 1993 में राजनीति में प्रवेश किया और एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निचले सदन में सीट हासिल की । 64 वर्षीय सांसद सुश्री ताकाइची वर्तमान में अपने गृह क्षेत्र नारा का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे 1996 में जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हुईं और पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के कार्यकाल में पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुईं। उन्होंने ओकिनावा और उत्तरी क्षेत्र मामलों के राज्य मंत्री का पद संभाला। वे 2022 से 2024 तक, जापान की आर्थिक सुरक्षा मंत्री रहीं।
सुस्त आर्थिक विकास, बढ़ती कीमतें और येन का तीव्र अवमूल्यन, साने ताकाइची की सरकार के समक्ष प्रमुख चुनौतियां हैं।