जुलाई 2, 2024 3:08 अपराह्न

printer

पूरे प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है

पूरे प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकतर भागों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज राजधानी पटना समेत तेरह जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इस अवधि में जमुई, लखीसराय और बांका जिले में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, शेखपुरा, नालंदा, मुंगेर, पटना, गोपालगंज, सीवान, जहानाबाद, अरवल, बक्सर और भोजपुर जिले में एक दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

इस दौरान विभिन्न स्थानों पर आंधी और वज्रपात की भी आशंका है। इधर, आपदा प्रबंधन विभाग ने वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक बानवे दशमलव दो मिलीमीटर बारिश अररिया जिले के रानीगंज में दर्ज की गयी।

 

मौसम विभाग ने जुलाई माह के मौसम पूर्वानुमान में राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि इस अवधि में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इधर, राजधानी पटना समेत आस-पास के क्षेत्रों में आज सुबह से ही रूक-रूक कर बारिश का सिलसिला जारी है।