पुडुचेरी सरकार कल प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी -सीबीडीसी आधारित खाद्य सब्सिडी वितरण पायलट परियोजना का शुभारंभ करेगी। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी इस परियोजना का उद्घाटन करेंगें। पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस पहल के तहत, खाद्य सब्सिडी भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी डिजिटल करेंसी टोकन के रूप में चिन्हित लाभार्थियों के डिजिटल वॉलेट में जमा की जाएगी। इन सीबीडीसी टोकन का उपयोग केवल अधिकृत व्यापारियों और उचित मूल्य की दुकानों पर पात्र खाद्यान्न खरीदने के लिए किया जा सकता है। यह परियोजना पुडुचेरी सरकार, आरबीआई, सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली और केनरा बैंक के समन्वय से कार्यान्वित की जा रही है। इसका उद्देश्य खाद्य सब्सिडी के वितरण में पारदर्शिता, दक्षता और लक्षित वितरण को बढ़ाना है।