जम्मू-कश्मीर में, पुंछ जिले की मंडी घाटी में श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी है। आज सुबह 1352 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। यह यात्रा 13 दिनों तक जारी रहेगी। 1352 तीर्थयात्रियों का नया जत्था 27 वाहनों के काफिले में रवाना हुआ। इसमें 892 पुरुष, 434 महिलाएं और 26 बच्चे शामिल हैं।
मौसम संबंधी रुकावट के बाद, अमरनाथ यात्रा कल बालतल मार्ग से फिर से शुरू हो गई, लेकिन रखरखाव कार्यों के कारण पहलगाम मार्ग पर यात्रा स्थगित है। गौरतलब है कि इस वर्ष 4 लाख तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा के लिए यात्रा की। 3 जुलाई को शुरू हुई इस यात्रा के बाद से अब तक कुल 4 लाख 1 हज़ार 677 श्रद्धालु इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। पूरे भारत से श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं और पवित्र श्रावण मास में अमरनाथ गुफा में महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस वर्ष देश और दुनिया भर से वार्षिक अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भागीदारी भारत की एकता और चुनौतियों पर विजय पाने के अटूट संकल्प का प्रमाण है।