जनवरी 12, 2026 12:41 अपराह्न

printer

पीएसएलवी-सी62 रॉकेट मिशन के 64वें प्रक्षेपण में हुई तकनीकी गड़बड़ी

श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से आज सुबह प्रक्षेपित किए गए पृथ्वी अवलोकन उपग्रह – ईओएस-एन1 और 14 अन्य वाणिज्यिक पेलोड ले जा रहे पीएसएलवी-सी62 रॉकेट मिशन के 64वें प्रक्षेपण में तकनीकी गड़बड़ी आ गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने बताया कि पीएसएलवी में प्रक्षेपण के चार चरण हैं, जिसमें दो ठोस चरण और दो तरल चरण हैं।

 

उन्‍होंने कहा कि तीसरे चरण के अंत तक यान का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप ही था। लेकिन तीसरे चरण के अंत के करीब, यान की रोल दर में गड़बड़ी से यह अपना मार्ग भटक गया। उन्होंने कहा कि डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।

   

इससे पहले, चार चरणों वाले पीएसएलवी-सी62 रॉकेट ने महत्वपूर्ण 64वीं उड़ान भरी थी। यह 44.4 मीटर ऊंचा रॉकेट था। पीएसएलवी रॉकेट, पृथ्वी अवलोकन उपग्रह के साथ घरेलू और विदेशों के 14 अन्य वाणिज्यिक पेलोड ले जा रहा था।