सरकार ने उत्पादन-लिंक्ड इंसेंटिव – पीएलआई ऑटो योजना के अंतर्गत अब तक 13 लाख 61 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन दिया है। भारी उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहन और हाइड्रोजन फ्यूल सेल घटकों पर 13 से 18 प्रतिशत और अन्य उन्नत ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकी घटकों पर 8 से 13 प्रतिशत तक प्रोत्साहन दिया जाता है।
मंत्रालय ने बताया कि 10 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों, 2 लाख से अधिक तिपहिया वाहनों, लगभग 80 हजार चारपहिया वाहनों और लगभग 1400 इलेक्ट्रिक बसों को प्रोत्साहन दिया गया है। इस योजना को 2021 में उन्नत ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकी उत्पादों के लिए देश की विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाने, लागत संबंधी बाधाओं को दूर करने और एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला बनाने के लिए अनुमोदित किया गया था।
पीएलआई ऑटो योजना केवल उन्हीं उत्पादों को प्रोत्साहन देती है जिनमें न्यूनतम 50 प्रतिशत का घरेलू मूल्यवर्धन होता है। मंत्रालय ने कहा कि पीएलआई-ऑटो योजना के तहत अब तक कुल 35 हजार 657 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है और लगभग 49 हजार रोजगार सृजित किए गए हैं।