प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत सरकार ने अब तक 14,771 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने आज राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। जिसके अन्तर्गत देश के सभी आवासीय उपभोक्ता रूफटॉप सोलर उपकरण लगवाने के लिए योजना का लाभ उठा सकते हैं।
श्री नाइक ने बताया कि फरवरी 2024 में योजना के शुभारंभ के बाद से अब तक देशभर में कुल 20 लाख 85 हजार रूफटॉप सोलर उपकरण लगाए जा चुके हैं, जिससे 26 लाख से अधिक परिवारों को लाभ हुआ है। श्री नाइक ने कहा कि यह अनुमान लगाया गया है कि एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर उपकरण लगाने से एक हजार अरब यूनिट नवीकरणीय बिजली का उत्पादन हो सकता है, जिससे 72 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड के समतुल्य उत्सर्जन में कमी आ सकती है।