दिसम्बर 25, 2025 9:11 अपराह्न

printer

पीएम मोदी 2047 तक विकसित भारत की ओर, CM चंद्रबाबू नायडू ‘स्वर्णांध्र प्रदेश’ के लक्ष्य के तहत आंध्र प्रदेश के निर्माण की दिशा में कदम उठा रहे : कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ‘स्वर्णांध्र प्रदेश’ लक्ष्य के तहत एक स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल आंध्र प्रदेश के निर्माण की दिशा में कदम उठा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री चौहान और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आज सुशासन दिवस के अवसर पर अमरावती में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने वाजपेयी मेमोरियल पार्क में वृक्षारोपण भी किया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि आंध्र प्रदेश “क्वांटम युग” की ओर अग्रसर है और विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में अमरावती एक महान राजधानी के रूप में विकसित होगी। अटल बिहारी वाजपेयी को महान राष्ट्रभक्त और ‘अजातशत्रु’ बताते हुए उन्होंने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण करके श्री वाजपेयी ने भारत की शक्ति का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश में सुशासन की अवधारणा को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने राष्ट्रीय राजमार्गों और दूरसंचार क्षेत्र सहित बुनियादी ढांचे के विकास की मजबूत नींव रखी। इससे भारत ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर आगे बढ़ सका। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अमरावती में वाजपेयी मेमोरियल पार्क को पूर्व प्रधानमंत्री के कुशल और दूरदर्शी शासन को प्रतिबिंबित करने के लिए विकसित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी. श्रीनिवास वर्मा और पेम्मासानी चंद्रशेखर, आंध्र प्रदेश के मंत्री सत्यकुमार यादव, पी. नारायण और कंडुला दुर्गेश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पी. वी. एन. माधव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।