मणिपुर की पुष्पदेवी के नाम से मशहूर चोखोने कृचेना का नाम आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम में तब चर्चा में आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर के सेनापति जिले में पुष्पकृषि को आर्थिक विकास का एक प्रमुख जरिया बनाने के लिए पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक सोच के संयोजन की सराहना की।
वर्ष 2021 में चोखोने कृचेना ने पहाड़ी इलाकों में अपने परिवार की पारंपरिक खेती को छोड़कर, सजावटी फूलों की खेती और विपणन में विशेषज्ञता रखने वाली पुष्पकृषि कंपनी ‘डियान्थे प्राइवेट लिमिटेड’ की शुरुआत की। उन्होंने सेनापति जिले की महिला किसानों के साथ मिलकर काम किया और आज उनके सजावटी फूल भारत के विभिन्न राज्यों तक पहुँच चुके हैं। प्रधानमंत्री ने उनके पारंपरिक ज्ञान को व्यापक स्तर पर विस्तारित करने की उनकी क्षमता की प्रशंसा की।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी टीम को यह जानकर खुशी हुई कि आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और जमीनी स्तर की पहल की उनकी कहानी पर विश्वास किया जा रहा है और ‘मन की बात’ में इसका जिक्र किया गया है।