उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी है। उपराष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पद्म पुरस्कार विजेताओं ने उत्कृष्ट योगदान और समर्पित सेवा से कई क्षेत्रों में राष्ट्र को समृद्ध किया है। श्री राधाकृष्णन ने पद्म पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुरस्कार विजेताओं की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता, समर्पण और सेवा समाज के ताने-बाने को समृद्ध करती है। उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियों को प्रेरित करने वाला यह सम्मान प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता की भावना दर्शाता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पद्म पुरस्कार विजेता सामाजिक परिवर्तन के मशालवाहक हैं, जिन्होंने असाधारण उपलब्धियों, विशिष्ट नवाचारों और अथक प्रतिबद्धता द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र की प्रगति को गति दी है। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को दर्शाते हैं कि जन पद्म राष्ट्र निर्माण की भावना सुदृढ़ बनाने का साधन बने ताकि लाखों लोगों को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जा सके।