फ़रवरी 25, 2026 2:23 अपराह्न

printer

पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत अब तक 28 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बेचे जा चुके हैं: केन्द्रीय मंत्री एच.डी कुमारस्वामी

केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी कुमारस्वामी ने कहा है कि पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत अब तक 28 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बेचे जा चुके हैं। नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के इलेक्ट्रिक वाहनों पर आयोजित तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते श्री कुमारस्वामी ने बताया कि बेचे गए वाहनों में 20 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन और लगभग तीन लाख इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन शामिल हैं। श्री कुमारस्वामी ने इस बात पर जोर दिया कि सार्वजनिक परिवहन के विद्युतीकरण में भी तेजी आई है और प्रमुख शहरों में 14 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है। उद्योग मंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने से शहरी वायु गुणवत्ता में सुधार हो रहा है और घरेलू निर्माताओं के लिए नीतिगत निरंतरता सुनिश्चित हो रही है।

श्री कुमारस्वामी ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी केवल एक जलवायु पहल नहीं है, बल्कि एक औद्योगिक रणनीति और एक विनिर्माण अवसर है जिसका उद्देश्य वर्तमान चुनौतियों का समाधान करते हुए भविष्य के उद्योगों का निर्माण करना है।