केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों में बिहार को रेल परियोजनाओं के लिए दिए जाने वाले बजटीय आवंटन में नौ गुना वृद्धि की गई है। लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि 11 वर्ष पहले बिहार में रेलवे का वार्षिक बजट केवल 1,132 करोड़ रुपये था और अब यह बढ़कर 10 हज़ार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि केवल एनडीए सरकार ही राज्य के लोगों को न्याय दिला सकती है। श्री वैष्णव ने सदन को बताया कि कई वर्षों से लंबित विभिन्न रेल परियोजनाएँ अब पूरी हो गई हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 98 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य चल रहा है। श्री वैष्णव ने इस बात पर प्रकाश डाला कि बिहार में आठ वंदे भारत और पाँच अमृत भारत परियोजनाएँ चल रही हैं।