मई 25, 2024 1:07 अपराह्न

printer

पापुआ न्यू गिनी के उत्तरी क्षेत्र में विनाशकारी भूस्खलन में 300 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका

पापुआ न्यू गिनी के उत्तरी क्षेत्र में विनाशकारी भूस्खलन में 300 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। कल राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में एंगा प्रांत के काओकलाम गांव में हुए भूस्खलन में 1100 से अधिक घर दब गए। इस दुर्घटना में इस प्रांत के मुलिताका क्षेत्र में छह से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। 

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि आपातकालीन टीमें ऑस्ट्रेलिया के उत्तर प्रशांत महासागर क्षेत्र में कम आबादी वाले इलाके में पहुंच गई है जहां मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने कहा है कि आपदा अधिकारी, रक्षा बल और निर्माण तथा राजमार्ग विभाग राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। भूस्खलन के कारण रास्ते अवरुद्ध हो गये हैं, जिससे इस प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर ही एकमात्र रास्ता बच गया है।