पाकिस्तान में भीषण गर्मी पड़ रही है। अस्पतालों में गर्मी से पीड़ित हजारों मरीजों का इलाज चल रहा है। इस बीच देश में कई स्थानों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पाकिस्तान सरकार की जलवायु परिवर्तन प्रमुख रोमिना आलम ने कहा है कि देश में गर्मी लगातार चौथे दिन जारी है और इसके अगले एक सप्ताह तक बने रहने की संभावना है।
पाकिस्तान के प्रमुख मौसम विज्ञानी सरदार सरफराज ने कहा है कि आज तापमान 51 डिग्री तक पहुंच सकता है। सिंध के दक्षिणी प्रांत में लोगों को एम्बुलेंस से अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है और सभी प्रमुख शहरों में अस्थायी राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।पाकिस्तान सरकार ने पिछले हफ्ते भीषण गर्मी शुरू होते ही स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने, परीक्षाएं स्थगित करने और अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित करने का आदेश दिया था।