फ़रवरी 27, 2026 4:06 अपराह्न

printer

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने अफगानिस्तान के विरूध्द एक खुले युद्ध की घोषणा की। इस घोषणा के साथ पाकिस्तान ने आज सुबह काबुल और अफगानिस्तान के दो अन्य प्रांतों में हवाई हमले किए। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी बलों ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ हिस्सों में हवाई हमले किए। 
पाकिस्तान ने दावा किया है कि कल रात पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ ‘गजब लिल हक’ अभियान की शुरूआत के बाद लगभग 133 अफगान तालिबानियों को मार गिराया है। 
वहीं तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कल रात 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों और दो सैन्य ठिकानों पर कब्ज़ाकिए जाने तथा कुल 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने की बात कही है। 
हालांकि, किसी स्वतंत्र अंतरर्राष्ट्रीय एजेंसी ने इन आंकड़ों को सत्यापित नहीं किया है। दोनों पक्ष एक दूसरे को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने कूटनीति के ज़रिए समाधान तलाशने के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आग्रह किया है।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संवाद करने तथा सहयोग को सशक्त बनाने में किसी प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। 
रूस की मीडिया के अनुसार मॉस्को ने दोनों देशों को तत्काल सीमा पार हमलों को रोकने तथा राजनयिक माध्यमों से अपने मतभेद को सुलझाने का आग्रह किया है।
इससे पहले भारत ने अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में रमज़ान के पवित्र महीने में कई नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।