तोशाखाना से जुड़े मामले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 साल की कैद की सजा सुनाए जाने के अदालती फैसले के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता पूरे देश में रैलियां निकाल रहे हैं।
इस दौरान, सांसद शंदाना गुलजार ने कहा कि इमरान खान आने वाली पीढ़ियों और नागरिकों के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज गुट के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा इमरान खान और उनकी पत्नी को 17 साल की सजा सुनाने वाले न्यायाधीश के खिलाफ नारे लगाए।
पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फैसले को खारिज करते हुए इसे देश की न्यायिक प्रणाली पर गंभीर प्रहार बताया। फैसले के बाद, इमरान खान की पार्टी ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इमरान खान ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में तोशाखाना मामले में फैसले को चुनौती देने का फैसला किया है।
तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में मई 2021 में एक आधिकारिक यात्रा के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस द्वारा इमरान खान को उपहार में दिए गए महंगे आभूषण सेट को नाममात्र कीमत पर खरीदने का मामला शामिल है।