फ़रवरी 16, 2026 9:21 अपराह्न

printer

पाकिस्तान की एक संघीय अदालत ने 13 वर्षीय ईसाई लड़की की हिरासत एक मुस्लिम व्यक्ति को सौंपी

क्रिश्चियन डेली इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान की एक संघीय अदालत ने 13 वर्षीय ईसाई लड़की मारिया शाहबाज की हिरासत एक मुस्लिम व्यक्ति को सौंप दी है, जिसने उसका अपहरण किया। उसका धर्म परिवर्तन कराकर उससे शादी कर ली। अदालत के फैसले से 13 वर्षीय लड़की के माता-पिता सदमे में हैं।

न्यायाधीशों ने मारिया के माता-पिता द्वारा प्रस्तुत जन्म प्रमाण पत्र को स्वीकार नहीं किया, जिससे उसकी उम्र साबित होती थी। मानवाधिकार समूह राह-ए-निजात मिनिस्ट्री के अध्यक्ष सफदर चौधरी ने बताया कि न्यायाधीशों ने पहले के न्यायिक निष्कर्षों को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि शादी अवैध थी। लड़की के पिता जो एक ड्राइवर हैं ने बताया कि उनके पड़ोसी ने पिछले साल 29 जुलाई को मारिया का अपहरण कर लिया था, जब वह पास की एक दुकान पर जा रही थी। तब से, उसके परिवार ने उसे ढूंढने के लिए बार-बार न्यायिक हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

इस तरह के मामले बार-बार सामने आते हैं। यूरोपियन कंज़र्वेटिव में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल धार्मिक अल्पसंख्यकों की लगभग एक हजार लड़कियां और युवतियां अपहरण, दुष्‍कर्म अपने से कहीं अधिक उम्र के अपहरणकर्ताओं से जबरन शादी, जबरन धर्म परिवर्तन और दुर्व्यवहार के विभिन्न अन्य रूपों का सामना करती हैं।