संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर सोमवार को लोकसभा में विशेष चर्चा होगी। नई दिल्ली में आज श्री रिजिजू ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की अध्यक्षता में हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में इस पर चर्चा के लिए 16 घंटे निर्धारित किए गए हैं, जबकि राज्यसभा में मंगलवार को 16 घंटे चर्चा होगी। श्री रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दल ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे थे और सरकार पहले दिन से ही इस पर सहमत थी।
श्री रिजिजू ने कहा कि संसद के सुचारू संचालन के लिए सभी दलों के बीच आम सहमति बन गई है। उन्होंने विपक्षी दलों से सत्र में बाधा न डालने की अपील की।
संसदीय कार्य मंत्री ने न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर कहा कि सभी राजनीतिक दल इस बात पर सहमत हैं कि न्यायमूर्ति वर्मा को हटाने का मुद्दा संयुक्त रूप से उठाया जाना चाहिए।